अंबिकापुर। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए नवनिर्मित मकान पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लखनपुर तहसील के ग्राम बीनिया के आश्रित ग्राम जीवालिया में सड़क किनारे श्रीप्रसाद खालको द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया था। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार उमेश तिवारी प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन की मदद से निर्माणाधीन मकान को ढहा दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। ग्रामीणों की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। प्रशासन ने साफ किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

