सरगुजा :जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली के बीएमओ संतोष सिंह के साथ सार्वजनिक तौर पर गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार तथा एंबुलेंस ड्राइवर मनोज के साथ मारपीट की घटना के विरोध में क्षेत्र के स्वास्थ्यकर्मी लामबंद हो गए हैं। यह घटना बीते रविवार देर शाम की बताई जा रही है। जब तीन व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराए गए थे।
इधर एंबुलेंस की उपलब्धता नही होने एवं ड्राइवर की देरी से नाराज़ होकर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मौके पर ही बीएमओ को तत्काल मौखिक रूप से बोलकर रात को निलंबित कर दिया। इसके बाद जिले के स्वास्थ्य विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस बीएमओ को जारी किया गया है। जिसके बाद बीएमओ का समर्थन करने पर उनके साथ अभद्रता एवं ड्राइवर मनोज के साथ मारपीट की गई। इस घटना ने स्वास्थ्यकर्मियों में व्यपाक तौर पर नाराजगी देखने को मिल रहा हैं।
स्वास्थ्यकर्मियों ने इस कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए केवल स्वास्थ्य कर्मियों को दोषी ठहराना उचित नहीं है। उनका कहना है कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए पर्याप्त संसाधन एवं मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में इनका अभाव है। स्वास्थ्यकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई और कार्यस्थल पर सम्मान एवं सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन की चेतावनी दी हैं।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जब बीएमओ डॉ संतोष सिंह से पड़ताल न्यूज़ ने फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि इस तरह से जिम्मेदार जनप्रतिनिधि को नही करना चाहिए था, साथ ही कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को मारपीट और सस्पेंड कर देना यह समस्या का हल नहीं है। जब अस्पताल में सुविधाएं उपलब्ध होगी तो उपचार भी बेहतर होगा। इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में एम्बुलेंस तक कि व्यवस्था नही हैं। जिसकी वजह से गंभीर मरीजों को रेफर करने में परेशानियों का सामना तो करना ही पड़ता है।

