सरगुजा जिले की सीतापुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है, बरामद की गई है। पुलिस लगातार चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
मामला 22 मई 2025 का है, जब फिरोज लकड़ा निवासी सोनतराई भूलसीटिकरा अपने गांव उलकिया में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल गली में खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। आसपास खोजबीन और पूछताछ के बावजूद मोटरसाइकिल का पता नहीं चलने पर पीड़ित ने 30 मई को थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में अपराध क्रमांक 204/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी। इसी दौरान संदेही राजेश यादव उर्फ राजू (22 वर्ष), निवासी दिवानपुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर चोरी की मोटरसाइकिल चलाते पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया, जिसके बाद मोटरसाइकिल जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक रघुनाथराम भगत, आरक्षक धनकेश्वर यादव, राकेश यादव और कृष्णा खेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

