अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने रविवार को थाना मणिपुर अंतर्गत दर्रीपारा में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान सरस्वती साहू नामक महिला के कब्जे से 21 लीटर महुआ शराब जप्त की गई और आरोपी को जेल दाखिल किया गया।
जानकारी के अनुसार सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दर्रीपारा निवासी सरस्वती साहू अपने घर में भारी मात्रा में महुआ शराब बनाकर बेच रही है। सूचना पर तत्काल दबिश दी गई, जहां तलाशी लेने पर एक कमरे से दो चढ़ी हुई भट्टियां और दूसरे कमरे से चार प्लास्टिक डब्बों में लगभग 100 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। मौके से तैयार महुआ शराब को मिलाकर कुल 21 लीटर महुआ शराब जप्त की गई।
आरोपिया सरस्वती साहू को छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल करने का आदेश दिया गया।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक कुमारु राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता एवं महिला सैनिक राजकुमारी और अंजू एक्का की अहम भूमिका रही।
अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सरस्वती साहू और उसका परिवार लंबे समय से अवैध शराब कारोबार में शामिल रहा है, लेकिन आज रंगे हाथों चढ़ी भट्टी के साथ पकड़े जाने पर यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।

