अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। एक ओर पूरे प्रदेश में शिक्षा को लेकर सकारात्मक पहल के तहत शाला प्रवेश उत्सव की शुरुआत की जा रही है, वहीं दूसरी ओर सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड में स्थित प्राथमिक शाला देव टिकरा से शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां एक ओर बच्चे नए सत्र की उम्मीदों के साथ स्कूल पहुंच रहे हैं, वहीं देव टिकरा स्कूल में ताला लटका रहा और स्कूल के शिक्षक रजक राम शराब के नशे में धुत पाए गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। बताया जा रहा है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब स्कूल में ताला बंद मिला हो। लंबे समय से स्कूल में पढ़ाई ठप पड़ी है और शिक्षक की गैरमौजूदगी से बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। हालात यह हो गए हैं कि अब बच्चों के परिजन स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) कटवाने को मजबूर हो गए हैं।
शिक्षक रजक राम का शराब के नशे में झूमता हुआ वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिक्षक की हालत बेहद खराब है और वे विद्यालय में मौजूद रहने के बजाय नशे में लिप्त हैं।
वहीं जब इस पूरे मामले को लेकर संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग सरगुजा संभाग हेमंत उपाध्याय और जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, तो उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया , जिससे प्रशासनिक पक्ष का बयान अब तक सामने नहीं आ पाया है।

