अंबिकापुर, छत्तीसगढ़: सरगुजा पुलिस और ड्रग विभाग ने एक गंभीर कदम उठाते हुए गर्भपात से संबंधित दवाइयों के अवैध बिक्री के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया। हाल ही में गर्भपात की दवा के कारण हुई संदिग्ध मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम द्वारा अंबिकापुर शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स और संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेडिकल स्टोर्स को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी गर्भपात से जुड़ी दवा या NDPS (नारकोटिक ड्रग्स और साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) से संबंधित दवाएं बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के न बेची जाएं।
ड्रग विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे डॉक्टर की पर्ची के साथ मरीज का नाम, मोबाइल नंबर और दवा के विवरण को रजिस्टर में स्पष्ट रूप से दर्ज करें, ताकि भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जांच में सहयोग मिल सके।
इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध दवाओं की बिक्री पर रोक लगाना है, बल्कि महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा और समाज में बढ़ते गलत प्रयोग को भी नियंत्रित करना है।

