अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में नशे के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत पुलिस ने 16 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई सीआरपीएफ कैंप (केपी ग्राम) के पास स्थित गंजास नाला, थाना कोतवाली अम्बिकापुर में की गई। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के मार्गदर्शन में संपन्न इस नष्टीकरण प्रक्रिया में एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त गांजा, इंजेक्शन, टेबलेट और कफ सिरप समेत विभिन्न प्रतिबंधित मादक पदार्थों का सुरक्षित तरीके से निपटान किया गया।
कितनी मात्रा में नष्ट किए गए मादक पदार्थ?
इस अभियान के तहत पुलिस ने निम्नलिखित मात्रा में मादक पदार्थों को नष्ट किया –
गांजा: 115.890 किलोग्राम
गांजा पौधे: 50 नग (22.050 किलोग्राम)
इंजेक्शन: 1204 नग
टेबलेट: 450 नग
कफ सिरप: 374 नग
कौन-कौन रहे मौजूद?
नष्टीकरण प्रक्रिया के दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष और सदस्य मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित अधिकारी –
योगेश पटेल, पुलिस अधीक्षक, सरगुजा (अध्यक्ष)
अमोलक सिंह ढिल्लों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
रोहित शाह, नगर पुलिस अधीक्षक
लक्ष्मीकांत गायकवाड़, जिला आबकारी अधिकारी
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी
वन विभाग के अधिकारी
मादक पदार्थों के नष्टीकरण से पहले समस्त मामलों की विस्तृत सूची और आवश्यक दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा, संबंधित विभागों और न्यायालय को अग्रिम रूप से इसकी सूचना दी गई थी। यह पूरी प्रक्रिया पर्यावरणीय और कानूनी मानकों के तहत संपन्न की गई।

