सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दवना पतरापाली गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार को 16 वर्षीय एक नाबालिग बालिका की कुएं में गिरने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बालिका पानी भरने कुएं पर गई थी, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन और राहत दल को दी। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ (DDRF) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
हालांकि, जब तक रेस्क्यू टीम ने बालिका को बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। ग्रामीणों में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

