अंबिकापुर। मैनपाट विकासखंड के आमगांव स्थित गौठान में सोमवार देर रात अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि पूरा गौठान पल भर में जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि समय रहते मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
घटना के बाद ग्रामीणों और पशुपालकों में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि यह आग प्राकृतिक रूप से नहीं लगी, बल्कि किसी अज्ञात तत्व ने जानबूझकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया है।
पशुपालकों का कहना है कि गौठान में न तो विद्युत कनेक्शन है और न ही कोई ऐसी व्यवस्था, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा हो। ऐसे में आग लगने की आशंका सिर्फ किसी बाहरी हस्तक्षेप से ही जताई जा रही है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, आग से गौठान में रखे चारे और अन्य सामग्री का भी भारी नुकसान हुआ है।

