सरगुजा जिले के थाना दरिमा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाले हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण चरित्र शंका और पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घटना में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
घटना 24 मार्च 2023 की रात की है, जब शंकर यादव (26 वर्ष), निवासी मखौली, अपने घर के कमरे में अकेला सो रहा था। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच चीखने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे, तो शंकर जमीन पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। सिर पर गंभीर चोट के चलते उसे अंबिकापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉ. बी.आर. अंबेडकर अस्पताल रायपुर में उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की चोट को ही मृत्यु का कारण बताया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 107/25 धारा 302 भादंवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कैलास सोनवानी, निवासी शिवपुर, को मृतक पर अपनी पत्नी के साथ संबंध रखने का शक था। आरोपी पहले भी शंकर को जान से मारने की धमकी दे चुका था। गवाहों ने घटना की रात आरोपी को मृतक के घर के पास देखा था।
पुलिस ने आरोपी को पकड़कर जब पूछताछ की, तो उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। वहीं, दूसरा आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

