सरगुजा, छत्तीसगढ़ : जिले के सीतापुर विकासखंड के ग्राम आमाटोली में वर्षों पुराने भूमि विवाद ने शनिवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। गांव के ही जवाहर कुशवाहा और एक परिवार के बीच चल रहे विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब जवाहर कुशवाहा सुबह करीब 7:30 बजे सैकड़ों ग्रामीणों को लेकर विवादित जमीन पर जुताई करने पहुंच गया।
पीड़ित परिवार ने जब इस पर आपत्ति जताई, तो स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि जवाहर कुशवाहा ने अपने साथ मौजूद लोगों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार की दो महिलाओं सहित एक पुरुष सदस्य को शारीरिक रूप से चोट पहुंचाई गई। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा पीड़ितों को अभद्र गालियां दी गईं और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
हमले के वक्त बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन भीड़ के बीच दबंगई जारी रही। पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरी घटना के बाद उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, परन्तु उनका आरोप है कि एफआईआर में घटना की पूरी सच्चाई नहीं दर्शाई गई और सिर्फ आधे-अधूरे तथ्यों को शामिल किया गया है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि न्याय की उम्मीद रखने वाले ही पक्षपाती हो जाएं, तो आम लोगों को सुरक्षा की उम्मीद किससे करें। परिवार इस घटना के बाद डरा-सहमा हुआ है और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहा है।

