अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़। लखनपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावरों ने बाइक सवार दंपति पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है और निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बगदरी से अपने गृह ग्राम अंधला माजा पारा लौट रहे पति-पत्नी पर रास्ते में अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले के बाद दोनों को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान निर्मला दास (40 वर्ष), पति कपिल दास के रूप में हुई है। वहीं घायल कपिल दास (लगभग 45 वर्ष), पिता मनसुखदास, निवासी ग्राम अंधला का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।

