रायपुर, छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र के सरोरा स्थित बजरंग नगर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब स्टील क्राफ्ट फर्नीचर और गद्दा-अलमारी फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया और हालात बेकाबू हो गए।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम चल रहा था, इसी दौरान चिंगारी से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया। कई लेबर के अंदर फंसे होने की सूचना है, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए राहत-बचाव कार्य जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं, लेकिन फैक्ट्री में रखे फोम, स्पंज, लकड़ी और केमिकल जैसे सामान ने आग को और भयंकर बना दिया है। धुएं के घने गुबार से आसपास का पूरा इलाका दहशत में आ गया है।
स्थानीय लोग भी बचाव में सहयोग कर रहे हैं, वहीं पुलिस आसपास की भीड़ को नियंत्रित कर सुरक्षा घेरा बनाए हुए है। आग पर अभी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है और लगातार प्रयास जारी है।
फिलहाल घटना में कितना नुकसान हुआ है और मजदूर सुरक्षित हैं या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

