अम्बिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 किलो गांजा के साथ एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है। नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव के मद्देनजर उपायुक्त आबकारी विजय सेन शर्मा के निर्देश पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी
शनिवार, 08 फरवरी 2025 को आबकारी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि जशपुर जिले के पंडरीपानी का मुख्य गांजा डीलर शोभराज यादव एक मारुति अल्टो (CG 13 C 9799) में सीतापुर क्षेत्र में सप्लाई के लिए आ रहा है। सूचना मिलते ही मंगरेलगढ़ रोड स्थित पुलिया के पास टीम ने नाकेबंदी की।
जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, उसे रोका गया और तलाशी ली गई। कार की डिक्की में एक पिट्ठू बैग मिला, जिसमें 1-1 किलोग्राम के 9 पैकेट यानी कुल 9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपी शोभराज यादव को मौके पर गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत केस दर्ज किया गया है। जब्त किए गए गांजा की अनुमानित कीमत ₹1,35,000 बताई जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस बड़ी कार्रवाई को सफल बनाने में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ आबकारी उप निरीक्षक टी. आर. केहरी, आबकारी मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, आबकारी आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और संगीता पाठक की अहम भूमिका रही। इस दौरान आबकारी स्टाफ नीरज चौहान ने विशेष योगदान दिया।
सरगुजा संभाग में आबकारी विभाग की सख्ती जारी
चुनाव को देखते हुए अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। अधिकारी विजय सेन शर्मा ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी।

