सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र अंतर्गत कंडराजा और नदाइडाड गांवों में एक दंतैल हाथी का उत्पात लगातार जारी है। यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है और बीते कुछ दिनों से अकेले ही गांवों में तबाही मचा रहा है। बीती रात इस हाथी ने एक ग्रामीण का घर तोड़ डाला और घर में रखे अनाज को पूरी तरह से चट कर गया।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथी देर रात गांव में घुस आया और घर के दरवाजे को तोड़ते हुए अंदर घुसा। वहां रखे धान, चावल समेत अन्य अनाज को पूरी तरह खा गया। इस घटना से लोग बेहद दहशत में हैं और अब रात में अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। कई ग्रामीणों ने रात खेतों में या ऊंचे स्थानों पर गुजारी।
हाथी के उत्पात से प्रभावित ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह हाथी कई दिनों से गांव के आसपास चक्कर काट रहा है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
लगातार हो रही हाथियों की गतिविधियों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग सिर्फ औपचारिकता निभा रहा है, जबकि जमीन पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं दिख रही।
सरगुजा जिले में पहले भी कई बार हाथियों के हमले से जान-माल की क्षति हुई है, बावजूद इसके वन विभाग की तैयारियों में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा।

