अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में चल रहे सुशासन तिहार 2025 के तहत एक ऐसा आवेदन सामने आया है, जिसने न केवल प्रशासन को चौंकाया, बल्कि चेहरे पर मुस्कान भी ला दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग को यह अजीबोगरीब आवेदन मनोज टोप्पो नाम के युवक ने सौंपा है, जो ग्राम पंचायत भफौली का निवासी है। आवेदन में मनोज ने साफ लिखा है कि उसकी उम्र 46 साल हो चुकी है, लेकिन घर वाले उसकी शादी नहीं करवा रहे।

मनोज ने अपने पत्र में विभाग से खासतौर पर यह निवेदन किया है कि कोई “अच्छी लड़की” खोजकर उसकी शादी करवा दी जाए। आवेदन में उसने यह भी उल्लेख किया कि अब वह अकेलेपन से परेशान हो चुका है और जीवनसाथी की ज़रूरत महसूस कर रहा है।
हालांकि यह आवेदन विभाग के नियमित कार्यों के दायरे में नहीं आता, लेकिन कर्मचारियों ने इसे गंभीरता से पढ़ा और विनम्रता से रिसीव भी किया। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस अनोखे आग्रह पर क्या प्रतिक्रिया देता है।
सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाना है, और ऐसे में इस तरह के अनोखे आवेदन भी सामने आना अपने आप में खास बन जाता है।

