सरगुजा। जिले के उदयपुर क्षेत्र में लगातार हाथियों के विचरण और मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति को देखते हुए सांसद चिंतामणि महाराज शनिवार को हाथी प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। सांसद ने वन विभाग की टीम और विभागीय अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली।
सांसद चिंतामणि महाराज वन परिक्षेत्र उदयपुर के सायर केदमा से लेकर मानपुर, उपकापारा, मोहनपुर, जजगी, रामनगर, फूनगी, लक्ष्मणगढ़, जगरनाथपुर, सुखरीभंडार, सतीमुड़ा सहित अन्य हाथी प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान हाथियों के विचरण वाले जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली जाएगी।
दौरे के दौरान हाथियों को रोकने के लिए लगाए गए फेंसिंग तारों को लेकर भी निर्देश दिए जाएंगे। हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में लगाए गए तारों को हटाने की कार्रवाई करने की बात कही गई है, ताकि वन्यजीवों और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति को कम किया जा सके।
वहीं हाथियों द्वारा किसानों की फसलों को पहुंचाए गए नुकसान का भी जायजा लिया जाएगा। प्रभावित किसानों के नुकसान का मुआवजा दिलाने के लिए प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे। सांसद के दौरे को लेकर वन विभाग की टीम भी प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद है और पूरे इलाके की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
मंडल उपाध्यक्ष दलेश्वर यादव ने बताया कि सांसद चिंतामणि महाराज आज दिनभर हाथी प्रभावित क्षेत्रों में रहेंगे और अलग-अलग गांवों का दौरा कर ग्रामीणों और वन विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेंगे।

