अम्बिकापुर। पांच साल से चले आ रहे प्रेम संबंध का अंत प्रेमिका की मौत के साथ हुआ। प्रतापपुर के ग्राम मानपुर में एक युवती ने प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने के बाद जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम मानपुर की रहने वाली सविता (काल्पनिक नाम) का गांव के ही एक युवक से पिछले पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सविता ने जब अपने परिवार में शादी की बात रखी, तो प्रेमी अपने घरवालों को यह बताने में असमर्थ रहा। कुछ समय बाद प्रेमी के घरवालों ने उसकी शादी के लिए किसी अन्य लड़की का रिश्ता तय कर दिया।
जब इस बात की जानकारी सविता को मिली, तो उसने प्रेमी से फोन पर बात की। कहा जा रहा है कि इस बातचीत के बाद वह मानसिक रूप से टूट गई। देर रात उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिजन घबरा गए और उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बताया कि उसने जहर का सेवन किया है।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
हालत गंभीर होने के कारण सविता को अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और मार्ग डायरी संबंधित थाने को भेजने की तैयारी में है।

