अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पूटा में घरेलू विवाद के चलते एक बेटे द्वारा अपने 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुत्र परबल (करीब 43 वर्ष) ने शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच घर के आंगन में अपने पिता को हाथ, लात और मुक्कों से बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के समय बुजुर्ग की पत्नी घर पर नहीं थी। देर शाम जब वह घर लौटी, तब घटना का पता चला। इसके बाद ग्रामीणों को जानकारी दी गई। गांव के सरपंच नंदा राम ने रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ जयनगर फरार हो गया था। पुलिस ने तलाश शुरू की और रात करीब 1 बजे जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जयनगर से आरोपी को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घरेलू बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई।

