रायपुर, छत्तीसगढ़। सेंट्रल जेल रायपुर में बंद एक सजायाफ्ता कैदी की इलाज के दौरान संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दिनेश कुमार देशमुख के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कैदी की तबीयत बिगड़ने पर उसे मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार देशमुख को 26 दिसंबर को दुर्ग जेल से रायपुर सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया गया था। मृतक रेप के मामले में सजा काट रहा था। जेल में स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उसे मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण कैदी की जान गई। परिजनों का दावा है कि यदि समय रहते चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती, तो उसकी जान बच सकती थी।
मामले की सूचना मिलने के बाद गंज थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर जांच जारी है।

