अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़ :– शहर के एक बार फिर बड़े कारोबारी घराने पर भ्रष्टाचार की आंच आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार सुबह अंबिकापुर के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यापारी और सरकारी विभागों में सामान सप्लाई करने वाले अशोक अग्रवाल और मुकेश अग्रवाल के आवासों पर छापा मारा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छापेमारी सुबह लगभग 6 बजे शुरू हुई, जब ACB की एक बड़ी टीम ने अचानक दबिश दी। दोनों भाइयों का व्यापारिक संस्थान “ध्वजाराम इंटरप्राइजेज” के नाम से संचालित होता है, जो विभिन्न शासकीय विभागों को सामान सप्लाई करता रहा है।
करीब 150 करोड़ रुपए के सप्लाई घोटाले का आरोप इन दोनों भाइयों पर है। बताया जा रहा है कि उन्होंने सरकारी विभागों में फर्जी बिलिंग, ओवररेटेड सप्लाई और फर्जीवाड़े के जरिए भारी घोटाला किया है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (Income Tax Department) इस सप्लायर के ठिकानों पर छापेमारी कर चुके हैं।
अंबिकापुर में यह कार्रवाई व्यापार जगत में हलचल का कारण बनी हुई है और अब सभी की निगाहें ACB की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

