सूरजपुर, प्रतापपुर | सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले के टूकु डांड इलाके में हाथियों ने एक बार फिर से उत्पात मचाया है। वन परिक्षेत्र प्रतापपुर सर्किल के ग्राम पेंडारी में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड ने गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुँचाया।
हाथियों के इस उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पूरी रात हाथी मित्र दल के सदस्य मौके पर डटे रहे और हाथियों की निगरानी करते रहे। बताया जा रहा है कि जंगलों में गर्मी के कारण चारा और पानी की भारी कमी हो गई है, जिससे हाथी गांवों की ओर रुख कर रहे हैं।
जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, जो इन हाथियों के विचरण का एक बड़ा कारण बन रही हैं। प्रतापपुर इलाके में पिछले कई महीनों से हाथियों का लगातार मूवमेंट देखा जा रहा है, जिससे खेती-किसानी और ग्रामीण जीवन प्रभावित हो रहा है।

