जशपुर जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में एक बार फिर “पैसा दोगुना” करने का झांसा देकर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। Hedgexfund नाम की कथित नेटवर्क कंपनी के जरिए गांव-गांव जाकर लोगों को निवेश के लिए फंसाया गया और लाखों रुपए की ठगी कर ली गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता उर्मिला बाई ने थाना बगीचा में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपियों ने खुद को जशपुर का ही निवासी बताते हुए भरोसा जीतने की रणनीति अपनाई। वे ग्रामीणों के घर पहुंचकर दावा करते थे कि उनकी कंपनी में पैसा लगाने पर मात्र तीन महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया गया कि अगर रकम दोगुनी नहीं हुई तो ब्याज सहित पैसा वापस कर दिया जाएगा। इसी लालच में आकर उर्मिला बाई और उनके परिवार सहित कई ग्रामीणों ने अपनी जमा पूंजी निवेश कर दी।
आरोपियों ने विश्वास मजबूत करने के लिए निवेशकों को एक डिजिटल वॉलेट की आईडी और पासवर्ड दिया, जिसमें लॉगिन करने पर रकम डॉलर में दिखाई देती थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगने से लोगों का भरोसा और बढ़ता गया, लेकिन कुछ समय बाद अचानक वॉलेट बंद हो गया। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद लोगों को ठगी का अहसास हुआ।
उर्मिला बाई ने अलग-अलग तारीखों में कुल करीब 1 लाख 70 हजार रुपए निवेश किए थे, वहीं उनकी मां ने भी 40 हजार रुपए लगाए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई अन्य ग्रामीण भी इस जाल में फंसे हैं। पुलिस को आशंका है कि ठगी की कुल रकम लाखों में हो सकती है और पीड़ितों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें शिवशंकर राम को मुख्य आरोपी माना जा रहा है, जिसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार भी जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने साफ कहा है कि इस तरह की ठगी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

