बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए लाई गई गर्भवती महिला को अस्पताल में ताला लटका मिला। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल में न डॉक्टर मौजूद थे और न ही नर्स या अन्य कर्मचारी। महिला दर्द से कराहती रही, जबकि परिजन मदद के लिए भटकते रहे।
जानकारी के मुताबिक, गर्भवती महिला को प्रसव के लिए महतारी एक्सप्रेस से रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर मुख्य गेट सहित कमरों में ताला लटका मिला। मौके पर स्वास्थ्य विभाग का कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था।
अस्पताल में इलाज की सुविधा नहीं मिलने से गर्भवती महिला और उसके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रसव जैसी आपात स्थिति में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ताला मिलने की इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और कर्मचारियों की तैनाती को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

